फोटो गैलरी

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

Hindi News हरियाणाकौन हैं मोहन लाल बड़ौली, जिन्हें भाजपा ने बनाया हरियाणा में अध्यक्ष; हारे थे लोकसभा चुनाव

कौन हैं मोहन लाल बड़ौली, जिन्हें भाजपा ने बनाया हरियाणा में अध्यक्ष; हारे थे लोकसभा चुनाव

Haryana BJP New President: पिछले साल मनोहर लाल खट्टर को मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया था। उस समय वह प्रदेश अध्यक्ष थे। वह CM के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष पद भी संभाल रहे

कौन हैं मोहन लाल बड़ौली, जिन्हें भाजपा ने बनाया हरियाणा में अध्यक्ष; हारे थे लोकसभा चुनाव
Pramod Kumarमोनी देवी, हिन्दुस्तान,चंडीगढ़Tue, 09 Jul 2024 06:13 PM
ऐप पर पढ़ें

Haryana BJP New President: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को सोनीपत जिले के राई से विधायक मोहन लाल बड़ौली को पार्टी की हरियाणा इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे बड़ौली मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जगह लेंगे जिनके पास प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी थी। हालांकि, वह हालिया लोकसभा चुनाव हार चुके हैं। बावजूद इसके पार्टी ने उनके कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

लोकसभा चुनाव हारे थे बड़ौली
मोहन लाल बड़ौली हाल ही में सोनीपत लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन वे कांग्रेस के उम्मीदवार सतपाल ब्रह्मचारी से हार गए थे। बड़ौली को इस लोकसभा चुनाव में सीटिंग सांसद रमेश चंद्र कौशिक का टिकट काटकर भाजपा ने उम्मीदवार बनाया था। टिकट के ऐलान से पहले सांसद रमेश का एक कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल हो गया था। इसके बाद उनकी जगह बड़ौली को टिकट दिया गया था।

जातिगत संतुलन साधने की कोशिश 
हरियाणा चुनाव से पहले भाजपा ने बड़ौली को प्रधान बनाकर ब्राह्मण वोट बैंक पर दांव खेला है। प्रदेश में मुख्य मंत्री ओबीसी वर्ग से, पार्टी के प्रदेश प्रभारी जाट चेहरे डॉ. सतीश पुनिया और अब पार्टी प्रधान ब्राह्मण मोहन लाल बड़ौली को बना कर बीजेपी ने  जातिगत संतुलन साधने की कोशिश की है। विधान सभा चुनाव में बड़ौली की अग्नि परीक्षा होगी क्योंकि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी को कड़ी टक्कर देते हुए पांच सीट जीती थी। 

हरियाणा में चुनाव से पहले भाजपा ने बदला प्रदेश अध्यक्ष, मोहन लाल बड़ौली को कमान

खट्टर और CM सैनी के करीबी, 1989 से RSS से नाता
मोहन लाल बड़ौली को पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर और मौजूदा सीएम नायब सिंह सैनी का करीबी माना जाता है। 1989 से मोहन लाल बड़ौली आरएसएस से जुड़े हुए हैं। संघ के भी करीबी नेता के तौर पर उनकी पहचान रही है। हरियाणा के मौजूदा सीएम नायब सिंह सैनी ने हरियाणा बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाए जाने पर मोहन लाल बड़ौली को बधाई दी है। सीएम सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर राई विधायक मोहन लाल बड़ौली जी को ढेर सारी बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे प���र्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में हरियाणा में संगठनात्मक कार्यों को एक नई दिशा मिलेगी और फिर से तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

कपड़ा मार्केट में दुकान भी चलाई
मोहन लाल का जन्म 1963 में हरियाणा के सोनीपत जिले की राई तहसील के बड़ौली गांव में हुआ था। मोहन लाल ने हाई स्कूल की पढ़ाई जीएसएसएस, खेवड़ा, सोनीपत से पूरी की। इसके बाद उन्होंने सोनीपत के बहालगढ़ चौक के पास कपड़ा मार्केट में एक दुकान भी चलाई। 1989 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ  में शामिल हुए और बाद में भाजपा में शामिल हो गए। 2021 में उन्हें प्रदेश महामंत्री के पद के साथ हरियाणा भाजपा की कोर टीम में शामिल किया गया था।

राई में खिलाया था कमल
बड़ौली ने 2019 में राई विधानसभा से चुनाव लड़ा था और 2,663 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। वह इस विधानसभा सीट पर चुनाव जीतने वाले भाजपा के पहले नेता हैं। राज्य में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा 2014 से हरियाणा में सत्ता में है। कांग्रेस ने हाल के लोकसभा चुनावों में राज्य की 10 में से पांच सीटों पर जीत हासिल की थी।

Advertisement