प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस दौरे पर हैं। इस दौरान उन्हें रूस के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है। मंगलवार को मॉस्को क्रेमलिन के सेंट कैथरीन हॉल में ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’ पीएम मोदी को दिया गया। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने खुद यह सम्मान उन्हें पहनाया। पीएम मोदी को दूसरी बार ये सम्मान दिया गया है।

पुतिन ने मोदी को किया सम्मानित

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को में एक अलग कार्यक्रम के दौरान रूस के सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार से पीएम मोदी को सम्मानित किया। यह ऑर्डर भारत के प्रधानमंत्री को रूस और भारत के बीच एक विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी और दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों के विकास में उनके विशिष्ट योगदान के लिए दिया जाता है।

इस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन को रूस का सर्वोच्च पुरस्कार प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही कहा कि वह इसे भारत के लोगों को समर्पित करते हैं।

भारत ने क्या कहा, जानें

पीएम मोदी को सम्मान मिलने पर विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने कहा, ”प्रधानमंत्री को जो सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल दिया गया, इस पुरस्कार की घोषणा 2019 में की गई थी। दोनों नेताओं के बीच चर्चा का एजेंडा मुख्य रूप से आर्थिक था। राजनीतिक क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग से संबंधित जानकारी, बड़े पैमाने पर व्यापार, रेवेन्यू, ऊर्जा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, रक्षा और सुरक्षा को लेकर चर्चा हुई। वैश्विक स्तर पर दोनों नेताओं ने ब्रिक्स, शंघाई सहयोग संगठन और संयुक्त राष्ट्र सहित द्विपक्षीय जुड़ाव की स्थिति की भी समीक्षा की।”

जानें क्यों दिया जाता है सम्मान

इस सम्मान की स्थापना 1698 में ज़ार पीटर द ग्रेट द्वारा (यीशु के पहले प्रेरित और रूस के संरक्षक संत) सेंट एंड्रयू के सम्मान में की गई थी। यह सबसे उत्कृष्ट नागरिक या सैन्य योग्यता के लिए प्रदान किया जाता है।

इससे पहले आज दिन में पीएम मोदी और पुतिन के बीच बैठक हुई। इस बैठक के बाद पीएम मोदी ने आतंकवाद का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा, “पिछले 40-50 साल से भारत आतंकवाद को झेल रहा है। आतंकवाद कितना भयानक होता है, कितना घिनौना होता है, वो हम 40 साल से भुगत रहे हैं। ऐसे में जब मॉस्को में आतंकवादी घटनाएं घटीं, दागिस्तान में आतंकवादी घटनाएं घटीं, उसका दर्द कितना गहरा होगा, इसकी मैं कल्पना करता हूं और मैं हर प्रकार के आतंकवाद की निंदा करता हूं।”